आजमगढ़ में 24 वार्डों के सभासदों का भव्य सम्मान, नगर पालिका अध्यक्ष और ईओ ने बढ़ाया जनप्रतिनिधियों का उत्साह

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

जनसेवा, स्वच्छता और विकास में योगदान देने वाले सभासदों को किया गया सम्मानित, मोहम्मद अफजल ने कहा- सम्मान से बढ़ी जिम्मेदारी

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ में शनिवार को सभासदों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इसमें नगर पालिका क्षेत्र के सभी 24 वार्डों के सभासदों के साथ मनोनीत सभासदों को भी उनके जनसेवा, स्वच्छता और नगर विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर एवं अधिशासी अधिकारी डॉ. ब्रिजेश कुमार सिंह ने सभासदों को सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।समारोह के दौरान नगर के विकास, स्वच्छता, आपसी भाईचारे और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए नगर पालिका प्रशासन और सभासदों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में सभासदों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।इस अवसर पर सदस्य जिला योजना समिति एवं गुरुटोला-अनंतपुरा वार्ड के सभासद मोहम्मद अफजल, सभासद एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश शर्मा, विजय चन्द यादव, महताब कुरैशी, अतुल सिंह, संतोष चौहान, मिथुन निषाद, मनोज यादव, पुनीत राय, विशाल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में वर्तमान, पूर्व एवं मनोनीत सभासद उपस्थित रहे।स्वच्छता और जनसेवा को प्राथमिकता देते हैं मोहम्मद अफजलसम्मानित होने के बाद सदस्य जिला योजना समिति एवं सभासद मोहम्मद अफजल ने कहा कि अपने वार्ड में स्वच्छता और साफ-सफाई को उन्होंने हमेशा प्राथमिकता दी है। जनता की समस्याओं के समाधान से लेकर सामाजिक और धार्मिक आयोजनों तक उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। उनका प्रयास रहता है कि वार्ड के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और त्योहारों के दौरान भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे।उन्होंने बताया कि होली, ईद, बकरीद, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के साथ शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में भी सफाई व्यवस्था को लेकर वह गंभीरता से कार्य करते हैं। छठ पूजा के दौरान ढाला और गोदाम घाट पर बेहतर व्यवस्थाओं के लिए सफाई नायक एवं सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर विशेष प्रयास करते हैं।मोहम्मद अफजल ने नगर पालिका अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर और अधिशासी अधिकारी डॉ. ब्रिजेश कुमार सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है। यह सम्मान केवल प्रशंसा नहीं, बल्कि जनता और समाज के प्रति जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा है।उन्होंने कहा कि आगे भी वार्ड की स्वच्छता, नगर के विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।समारोह के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन और सभासदों के बीच आपसी तालमेल, सौहार्द और एकजुटता का संदेश दिया गया। सभी ने आजमगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *