

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तरवां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2010 से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त मोनू मिश्रा उर्फ बृजेश मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक, मोनू मिश्रा के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2009 में दो युवतियों को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके बाद वर्ष 2010 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना और नाम बदलकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा 27 नवंबर 2022 को ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।बुधवार को तरवां पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वांछित अभियुक्तों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर पुलिस ने नवरसिया पुलिया के पास ग्राम डुभाव से करीब शाम 5 बजे मोनू मिश्रा उर्फ बृजेश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2010 से गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना नाम और स्थान बदलकर रह रहा था। काफी समय बीतने के बाद उसे लगा कि पुलिस अब उसकी तलाश नहीं कर रही होगी, जिसके बाद वह परिचितों से मिलने और मुकदमों के संबंध में बातचीत करने आजमगढ़ आया था।पुलिस ने बरामद तमंचे और कारतूस के मामले में मु0अ0सं0-192/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
