आजमगढ़ क्लीनिक में तमंचा लगाकर लूट का प्रयास, बुर्का पहनकर पहुंचे थे दो आरोपी

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र के अंजानशहीद गांव में क्लीनिक के अंदर तमंचा लगाकर लूट का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात करीब 8:50 बजे अंजानशहीद स्थित चिकित्सक सूर्यनाथ मौर्य के क्लीनिक पर दो व्यक्ति अर्टिगा वाहन से पहुंचे थे। दोनों ने बुर्का पहन रखा था। आरोप है कि क्लीनिक में पहुंचकर तमंचा दिखाते हुए चिकित्सक को जान से मारने की धमकी दी गई और उनका मोबाइल छीन लिया गया। लूट का विरोध करने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।मामले में जीयनपुर थाने में मु0अ0सं0 385/2026, धारा 309(4) और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत 23 सितंबर को उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा की टीम ने समीर शेख (21) पुत्र मो. फैजान निवासी नुरूद्दीनपुर, थाना जीयनपुर को बख्खोपुर से सगड़ी की तरफ आने वाली नहर के पास से करीब 1:05 बजे गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर जीयनपुर थाने में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया है।गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा, कांस्टेबल अनिरुद्ध यादव, राजू यादव और अर्जुन प्रसाद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *