


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। 10 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़े जेल से फरार दो इनामी बंदी, STF और सिधारी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलताआजमगढ़। वर्ष 2016 में जिला कारागार आजमगढ़ से फरार हुए एक-एक लाख रुपये के दो इनामी बंदियों को आखिरकार 10 साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ लखनऊ और सिधारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। इस सफलता को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2016 को जिला कारागार आजमगढ़ से तीन विचाराधीन बंदी जेल परिसर से फरार हो गए थे। इस मामले में थाना सिधारी में धारा 223/224 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया, लेकिन अभियुक्त लगातार फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी पर शासन द्वारा एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।बुधवार को एसटीएफ लखनऊ और थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना और लंबे समय से चल रही निगरानी के आधार पर दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रशेखर उर्फ शेखर (37 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय लालजी मुसहर तथा प्रकाश मुसहर (52 वर्ष) पुत्र बुद्धन मुसहर के रूप में हुई है।पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे वर्ष 2016 में अपने एक साथी के साथ जिला कारागार से फरार हुए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रहते रहे। पिछले कई वर्षों से दोनों पंजाब में मजदूरी और खेती का कार्य कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी गाजीपुर जाने के उद्देश्य से आजमगढ़ आए थे, तभी संयुक्त टीम ने उन्हें दबोच लिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
