आजमगढ़ फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने अलग-अलग पहचान और दस्तावेजों का प्रयोग कर पासपोर्ट बनवाकर जालसाजी की थी।पुलिस के मुताबिक, 9 दिसंबर 2025 को चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह द्वारा थाना निजामाबाद में एक प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसमें बताया गया कि सुराही गांव निवासी रिजवान अहमद ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाए हैं। जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने पहले पासपोर्ट में एक जन्मतिथि और माता का नाम दर्ज कराया था, जबकि दूसरे पासपोर्ट के लिए आधार कार्ड, आयु और निवास प्रमाण पत्र में कूटरचना कर अलग जन्मतिथि, माता-पिता तथा अन्य विवरण दर्शाए थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 408/25 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस तथा धारा 12(1) पासपोर्ट अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।विवेचना के दौरान बुधवार को उपनिरीक्षक राज नारायण पाण्डेय ने वांछित अभियुक्त को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। पूछताछ में अभियुक्त कोई वैध साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे दोपहर 12:20 बजे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रिजवान अहमद (55 वर्ष) पुत्र सिद्दीक अहमद निवासी सुराही, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी की कार्रवाई चौकी इंचार्ज रसीदगंज उपनिरीक्षक राज नारायण पाण्डेय द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *