आजमगढ़ पहुंचे मंत्री अनिल राजभर, बजट 2026 को बताया देशहित में लाभकारी,सपा व राहुल गांधी के आरोपों पर किया पलटवार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर के आजमगढ़ आगमन पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने केंद्र सरकार के बजट 2026 को देशहित में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट विशेष रूप से मध्यमवर्ग, किसानों और युवाओं के लिए लाभकारी साबित होगा तथा इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एसआईआर (SIR) मामले में सपा द्वारा लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं और किसी भी व्यक्ति का नाम सूची से नहीं हटाया गया है। साथ ही उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा तोड़े जाने के आरोपों को भी गलत बताते हुए कहा कि सपा जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।मंत्री ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा नेताओं को जमीनी सच्चाई पर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा के लोग कभी मणिकर्णिका घाट तक नहीं गए, इसलिए उन्हें वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं है।अनिल राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति और व्यापारिक समझौतों की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिका के साथ होने वाली ट्रेड डील से भारत को आर्थिक मजबूती मिलेगी और विदेशी बाजार भारत पर हावी नहीं हो पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि इस समझौते से भारत को व्यापक लाभ होगा।राहुल गांधी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि इस तरह के आरोप निराधार हैं। उन्होंने पूर्व आर्मी चीफ की अप्रकाशित किताब को लेकर संसद में हो रही बहस को भी बेकार बताते हुए कहा कि जब किताब प्रकाशित ही नहीं हुई है तो उस पर आरोप लगाना उचित नहीं है।मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश लगातार प्रगति कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों तथा आम जनता के हित में लगातार कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *