
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के गम्भीरपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए अंतर्जनपदीय महिला गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के ₹7,230 नकद, 01 कटर और 03 ब्लेड बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, थाना गम्भीरपुर में दिनांक 12 जनवरी 2026 को श्रीमती सविता ने तहरीर देकर बताया था कि 09 जनवरी 2026 को मायके जाते समय ब्रिंदा बाजार के पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके जेवरात व ₹5,000 नकद चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में थाना गम्भीरपुर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई थी।इसी क्रम में 04 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश कश्यप, उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह व पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाली तीन महिलाएं रानीपुर रजमो मुसहर बस्ती जाने वाली सड़क के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान शकिना पत्नी राजू उर्फ नेता, मेहनाज पत्नी स्वर्गीय गुड्डू तथा गरीबुन पत्नी आशिक निवासी ब्राह्मणपुर झमका थाना केराकत जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से कुल ₹7,230 नकद, 01 कटर व 03 ब्लेड बरामद किया।पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों अभियुक्ताएं पहले भी चोरी समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल रही हैं और इनके खिलाफ जौनपुर, प्रयागराज व आजमगढ़ जनपद में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश कश्यप, उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, कांस्टेबल सूरज खरवार, महिला कांस्टेबल अनामिका मिश्रा एवं अंजली सरोज की अहम भूमिका रही।
