
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में अवैध और अपंजीकृत रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग को बड़ी सफलता मिली है। जिलाधिकारी के आदेश और मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ (निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने महराजगंज ब्लॉक के भैरव बाबा मंदिर के पास संचालित साईं हॉस्पिटल पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान जांच टीम को पता चला कि अस्पताल बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के समय अस्पताल में चिकित्सा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं पाई गईं। टीम को न तो अस्पताल का वैध पंजीकरण प्रमाण-पत्र मिला और न ही मानक के अनुरूप प्रशिक्षित चिकित्सक व आवश्यक संसाधन उपलब्ध पाए गए।गंभीर अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से साईं हॉस्पिटल को सीज कर दिया और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।
