खेत पर काम नहीं करने पर युवक से मारपीट और जातिसूचक गाली देने का आरोप, एसएसपी से FIR दर्ज कराने की मांग

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के जमीन चंदापार गांव निवासी अशोक मुसहर ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर मारपीट, जातिसूचक अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना रौनापार पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है।पीड़ित के अनुसार, 7 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह मंगरी बाजार, मऊ कुतुबपुर स्थित सब्जी की दुकान से सब्जी खरीद रहा था। इसी दौरान मऊ कुतुबपुर निवासी व्यक्ति वहां पहुंचे और खेत पर काम करने के लिए बुलाने के बावजूद नहीं आने को लेकर उससे पूछताछ की।पीड़ित का आरोप है कि तबीयत खराब होने के कारण काम पर नहीं आने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की तथा जातिसूचक अपशब्द कहे। शोर सुनकर पीड़ित का भाई और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।अशोक मुसहर ने बताया कि घटना के बाद उसने थाना रौनापार में सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित के अनुसार, उसने सदर अस्पताल आजमगढ़ में अपना चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया है।पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से थाना रौनापार के थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने का आदेश देने और मामले में आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *