20 लाख की चोरी की ई-रिक्शा और बैटरियां बरामद, अंतरजनपदीय गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में लगातार हो रही ई-रिक्शा एवं बैटरी चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना कोतवाली पुलिस, विशेष अपराध नियंत्रण टीम, चोरी अनावरण टीम तथा सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की आठ चोरी की ई-रिक्शा, 34 बैटरियां, एक पिकअप वाहन, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों समेत आसपास के जिलों में ई-रिक्शा और बैटरियां चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचने का काम करते थे। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बरामद वाहनों और बैटरियों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *