आजमगढ़ गंभीरवन में बड़ी वारदात टली, डकैती की योजना बनाते 5 बदमाश गिरफ्तार डकैती में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना जहानागंज पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना होने से पहले ही उसे विफल कर दिया। ग्राम गंभीरवन स्थित कृष्णा कॉलेज के खंडहर में डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन पिस्टल, दो अवैध तमंचे, नौ कारतूस तथा डकैती में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग गंभीरवन स्थित कृष्णा कॉलेज के खंडहर में एकत्र होकर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर सोमवार की देर रात मौके से पांचों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अभिषेक यादव निवासी गेलवारा थाना सिधारी, अजय यादव निवासी जहानाबाद थाना मधुबन जनपद मऊ, आशीष चौहान निवासी गेलवारा थाना सिधारी, जयहिंद मौर्या तथा गोविंद यादव निवासी मोहनाठ थाना निजामाबाद शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल .32 बोर, दो अवैध तमंचे .315 बोर, नौ जिंदा कारतूस, एक कटर, एक पाइप हथौड़ी, लोहे की पाइप व चकरी तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे क्षेत्र में डकैती की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात होने से पहले ही सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में थाना जहानागंज में धारा 310(4), 310(5) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में कुछ के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *