

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अतरौलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिली महिला नेत्र चिकित्सक का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश भी दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने पहले सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में मानव संसाधन और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इसके बाद सीएचसी अतरौलिया पहुंचकर उपस्थिति पंजिका, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उपस्थिति रजिस्टर की जांच में महिला नेत्र चिकित्सक डॉ. शशि बाला (ईएमओ) बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सीएमओ ने उनका वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई और अधीक्षक डॉ. हरिश्चंद्र मौर्य को स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। हालांकि अस्पताल में दवाओं का रख-रखाव तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित मिलीं। सीएमओ ने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि बिना पूर्व अनुमति या सूचना के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। भविष्य में कोई भी कर्मचारी या चिकित्सक बिना सूचना के अनुपस्थित पाया गया तो उसका वेतन रोका जाएगा और नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
