20 लाख का झांसा देकर महिला से आभूषण ठगने वाला शातिर गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सिधारी थाना पुलिस ने महिला को ₹20 लाख रुपये होने का झांसा देकर आभूषण ठगने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की घटना से संबंधित एक जोड़ी सफेद धातु की इस्तेमाली घुंघरूदार पायल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को मऊ निवासी शुभावती देवी अपने मायके बिलरियागंज जा रही थीं। रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें बातचीत में फंसाकर बऊरहवा बाबा मंदिर के सामने ले गए। आरोप है कि वहां आरोपियों ने महिला के कान की झाली, गले का लॉकेट और चांदी की पायल ले ली और बदले में कपड़े में सिली कागज की गड्डी देकर उसे ₹20 लाख बताकर ठगी कर ली।मामले में थाना सिधारी पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और बरामदगी के आधार पर 18 अगस्त को अर्जुन सोलंकी पुत्र नाथूराम सोलंकी, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी जे.जे. कॉलोनी सेवदा, थाना कंझावला, जनपद रोहिणी, दिल्ली को रेलवे स्टेशन तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ मैनपुरी जनपद में भी ठगी/धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष मिश्र, कांस्टेबल नीरज यादव, रिजर्व कांस्टेबल अजीत सिंह और रिजर्व कांस्टेबल नीरज यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *