आजमगढ़ में पल्स पोलियो अभियान सफल, 3.65 लाख बच्चों को पिलाई गई खुराक

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला एवं पल्स पोलियो बूथ दिवस का सफल आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि जिले के सभी 76 निर्धारित आरोग्य मेलों में 82 चिकित्सकों और 266 पैरामेडिकल कर्मियों ने सेवाएं दीं। पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के 2,389 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। 6,64,224 बच्चों के लक्ष्य के सापेक्ष 3,65,146 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई, जो कुल लक्ष्य का 55 प्रतिशत है। शेष बच्चों को आगामी घर-घर अभियान के दौरान कवर करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने दलसिंगार एवं कुन्दीगढ़ स्थित स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आरोग्य मेले में कुल 1,654 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 713 पुरुष, 708 महिलाएं और 233 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान 57 आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। मेले में विभिन्न बीमारियों के मरीजों की जांच और उपचार किया गया। 300 मधुमेह, 286 गैस्ट्रो, 177 त्वचा, 134 श्वसन, 93 उच्च रक्तचाप तथा 9 टीबी मरीज चिन्हित किए गए। 76 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा 75 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। कुल 93 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला और पल्स पोलियो अभियान ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोगों को उनके निकट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने आगामी घर-घर पोलियो अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *