

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।सिधारी हाईडिल स्थित SNRD पब्लिक स्कूल में परिवर्तन सेवा संस्थान द्वारा “AI, इंटरनेट का दैनिक जीवन में उपयोग एवं उसका सदुपयोग” विषय पर तीन दिवसीय डिजिटल साक्षरता एवं जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट एवं कंप्यूटर के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना है।कार्यक्रम में KIET से प्रशिक्षित श्रेयांशी सिंह ने विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षण देते हुए डिजिटल साक्षरता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कंप्यूटर के मूल भागों—मॉनिटर, CPU, कीबोर्ड, माउस, इनपुट एवं आउटपुट डिवाइस, कंप्यूटर की कार्यप्रणाली तथा दैनिक जीवन में कंप्यूटर और इंटरनेट की उपयोगिता के बारे में सरल एवं व्यावहारिक जानकारी दी।प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को Google Maps, Google Earth, ऑनलाइन सर्च, फाइल एवं फोल्डर प्रबंधन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग तथा साइबर सुरक्षा एवं इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया तथा प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।कार्यक्रम का शुभारंभ SNRD पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक (MD) शिवम तिवारी एवं परिवर्तन सेवा संस्थान के सचिव विवेक पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर शिवम तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में इंटरनेट, कंप्यूटर एवं AI की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। इसी सोच के अनुरूप विद्यालय में पाँच आधुनिक डिजिटल क्लासरूम विकसित किए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने परिवर्तन सेवा संस्थान द्वारा AI एवं इंटरनेट के सुरक्षित और सकारात्मक उपयोग को लेकर चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम में सविता मौर्य, मोहम्मद शाहब जान (साहब सर) सहित विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं परिवर्तन सेवा संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे।
