कप्तानगंज पुलिस की बड़ी सफलता मुठभेड़ में जहरखुरानी-नकबजनी गैंग का पर्दाफाश, 1 घायल समेत 3 गिरफ्तार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कप्तानगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जहरखुरानी, झपट्टामारी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गौरा पुलिया के पास देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायर किया, जिसमें एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन निषाद, आनन्द उर्फ बाबी और अमन निषाद (दशमी निषाद का पुत्र) के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने थाना कप्तानगंज और अहरौला क्षेत्र में नशीला पदार्थ खिलाकर लूट और दुकानों में सेंधमारी की कई घटनाओं को कबूल किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस, नकबजनी के औजार, सोने की कील, चोरी का सामान और नगदी बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और हाल की कई वारदातों में शामिल रहा है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *