
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। महिला और उसकी भतीजी के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गंभीर रूप से घायल युवती का तीन दिनों से जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद थाने में सुनवाई नहीं हो रही है और आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे दबंगों के हौसले और बढ़ गए हैं । पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव निवासी संजू यादव एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत की। उनका आरोप है कि गांव के ही विपिन तिवारी और उनके परिवार के सदस्यों ने जमीन के पुराने विवाद को लेकर उन पर और उनकी चाची ललिता यादव पर हमला कर दिया। विवाद के दौरान कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और फिर मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया। मारपीट में संजू यादव और उनकी चाची ललिता यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार संजू की हालत अधिक गंभीर थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीते तीन दिनों से उनका इलाज चल रहा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग एक साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी काफी दबंग प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं करती। संजू यादव का कहना है कि 26 दिसंबर 2025 को भी इन्हीं लोगों ने अपने एक पड़ोसी के कच्चे मकान को लाठी-डंडों से पीटकर गिरा दिया था और मारपीट की थी। उस मामले में मुकदमा तो दर्ज हुआ, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता का आरोप है कि जब भी वे शिकायत लेकर थाने पहुंचती हैं तो पुलिस उन्हें टाल देती है या भगा देती है।
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है।
वहीं इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में कप्तानगंज थाने को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
