


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 5500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।आपको बता दे की गिरफ्तार आरोपी की पहचान लईक उर्फ लकी (22) पुत्र तौफिक निवासी ग्राम ठंडानाला गुलरभोज थाना गदरपुर जिला उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। उसे 13 मार्च की रात करीब 11:10 बजे बंधा रोड ठंडी सड़क के पास से गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि 7 फरवरी 2026 को मऊ जिले की रहने वाली आशा पत्नी रामप्रवेश ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह चिरैयाकोट से आजमगढ़ आ रही थीं, तभी सिधारी के शंकर तिराहा के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने ग्रह दशा ठीक करने का झांसा देकर उनकी चेन, अंगूठी और दो हजार रुपये ठग लिए थे। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर कई जनपदों में इस तरह की धोखाधड़ी और टप्पेबाजी की घटनाएं कर चुका है। गिरफ्तारी के आधार पर कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और सोनभद्र समेत विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी रोडवेज उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, चौकी प्रभारी एलवल उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी, उपनिरीक्षक अभिषेक कुशवाहा, कांस्टेबल शिव कुमार तथा सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल उमेश यादव शामिल रहे।
