पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौके पर मौत

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मकसूदिया गांव के पास बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के खतीरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सनी विश्वकर्मा पुत्र हरिहर विश्वकर्मा अपनी ससुराल भादी, शाहगंज (जौनपुर) से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान मकसूदिया गांव के पास मोड़ पर आजमगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सनी विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी पूजा विश्वकर्मा बेसुध हो गईं। बताया जा रहा है कि सनी छह माह के एक मासूम बेटे के पिता थे। वहीं उनके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *