



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के खालिसपुर गांव में कोर्ट के आदेश पर जमीन की पैमाइश करने पहुंचे नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मुमताज बनाम गयासुद्दीन के बीच चल रहे बंटवारे के मुकदमे में उप जिलाधिकारी सगड़ी के निर्देश पर नायब तहसीलदार आदर्श सिंह राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ खालिसपुर गांव पहुंचे थे। टीम द्वारा पैमाइश शुरू किए जाने पर विपक्षी पक्ष के गयासुद्दीन और उसके भांजे ने कथित रूप से सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज और दुर्व्यवहार शुरू कर दिया।स्थिति बिगड़ने पर नायब तहसीलदार ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी गयासुद्दीन और उसके भांजे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121(1) और 352 सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।बताया जा रहा है कि यह भूमि विवाद पुराना है। इससे पहले 16 अप्रैल को भी इसी जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान पत्थर उखाड़ने और दीवार तोड़ने का आरोप लगा था, जिसके बाद प्रशासन ने दोबारा पैमाइश कराने का निर्णय लिया था।
