जमीनी रंजिश में फायरिंग का मामला,सरायमीर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, रायफल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग और मारपीट की घटना में सरायमीर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर की SBBL गन और बड़ी संख्या में जिंदा व खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 11 मार्च को ग्राम छित्तेपुर में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें फायरिंग और मारपीट की घटना सामने आई थी। मामले में उपनिरीक्षक धीरज कुमार की तहरीर पर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 63/26 धारा 3(5) व 109(1) बीएनएस के तहत दोनों पक्षों के कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की जांच के दौरान 12 मार्च को उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम छित्तेपुर में दबिश दी गई। तलाशी के दौरान एक पक्ष के आरोपी जैद खान के घर से 12 बोर, .315 बोर और .22 बोर के कई जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए गए।इसके बाद पुलिस टीम ने दूसरे पक्ष के आरोपी ओबैश खान पुत्र एहसान खान निवासी छित्तेपुर को उसके घर में दरवाजे के पीछे छिपा हुआ पाया और गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर ग्राम बखरा के पीछे जंगल से 12 बोर की SBBL गन बरामद की गई। आरोपी ने बताया कि इसी हथियार से उसने विवाद के दौरान फायरिंग की थी।पुलिस के अनुसार आरोपी के पास हथियार का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला, जिसके बाद उसे धारा 109(1)/3(5) बीएनएस तथा 3/5/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *