

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद की कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18 साल से पुलिस अभिरक्षा से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राकेश पाण्डेय उर्फ राजू (45) पुत्र रामानन्द पाण्डेय निवासी खुरशु, थाना देवगांव, आजमगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी वर्ष 2008 में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।पुलिस के मुताबिक, राकेश पाण्डेय के खिलाफ वर्ष 2004 में थाना देवगांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी के बाद वह जिला कारागार आजमगढ़ में विचाराधीन बंदी था। 29 अप्रैल 2008 को न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इसके बाद उसके खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 504/2008, धारा 223/224 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन फरारी के बाद आरोपी अपना ठिकाना बदलता रहा। बाद में वह मुंबई चला गया और वहां किराये के मकान में रहने लगा। दीपावली के त्योहार पर मुंबई से आजमगढ़ आने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय और रोडवेज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार 4 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे प्राइवेट बस अड्डे से उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में अभियुक्त ने वर्ष 2008 में न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, कांस्टेबल मनीष, अखिलेश कुशवाहा और महिला कांस्टेबल प्रियंका सिंह शामिल रहीं। इसके अलावा चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस टीम ने भी गिरफ्तारी में सहयोग किया।
