आजमगढ़ सावन के पहले दिन भोलेनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, भंवरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सावन के पावन और पवित्र माह की शुरुआत के साथ ही गुरुवार को आजमगढ़ के प्रसिद्ध बाबा भंवरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर के मुख्य पुजारी गणेश गिरी बाबा ने बताया कि बाबा भंवरनाथ मंदिर की दूर-दूर तक विशेष मान्यता है। सावन के पूरे महीने में पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से बाबा की आराधना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि सावन माह को देखते हुए जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन एवं जलाभिषेक कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *