

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में शुक्रवार को एक युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की, जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी उपेंद्र पाठक उर्फ बॉबी गुरुवार शाम अपनी पत्नी सुप्रिया और एक बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह स्थित ससुराल पहुंचे थे। बताया गया कि वह अपनी बीमार सास का हालचाल लेने आए थे। रात में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हो गया। इसके बाद देर रात एक बंद कमरे में चादर के सहारे उनका शव फंदे से लटका मिला।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के गांव से बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सहनूडीह पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कुछ देर तक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।परिजनों का आरोप है कि हाल ही में उपेंद्र ने करीब 35 लाख रुपये की जमीन बेची थी। उनका दावा है कि इसी धनराशि के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था और इसी के चलते उनकी हत्या की गई। आरोप पत्नी सुप्रिया, उसके भाई आदर्श उर्फ शोले, ससुर यादवेंद्र मिश्रा तथा अन्य परिजनों पर लगाया गया है।सीओ लालगंज, भूपेश पांडेय ने बताया कि 30 जुलाई 2026 को थाना बरदह क्षेत्र के सहनूडीह गाँव में पुलिस को फांसी लगाकर आत्महत्या की सूचना मिली थी। थाना बरदह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर वीडियोग्राफी कराते हुए अग्रिम कार्रवाई की।मृतक उपेंद्र पाठक उम्र लगभग 48 वर्ष आरा, थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर का निवासी था।मृतक ने दूसरी शादी की थी और अपनी ससुराल आए हुए थे, जहाँ अज्ञात कारणों से उन्होंने फांसी लगा ली।शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
