

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया आजमगढ़ जिले की अतरौलिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया अभियुक्त जहानागंज थाने का हिस्ट्रीशीटर (HS-3B) है और उस पर हत्या के प्रयास, लूट, गोवध, गैंगस्टर अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला 24 जुलाई 2026 का है जब अचलीपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पशुओं से लदी एक पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया था। चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय पूर्वांचल गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए वाहन को तेज गति से भगा दिया। बाद में तस्कर ग्राम गोपालीपट्टी नहर के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके से 5 प्रतिबंधित गोवंशीय पशु बरामद किए थे। विवेचना के दौरान संतोष यादव समेत तीन अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 31 जुलाई की सुबह लगभग 04:20 बजे अतरौलिया पुलिस सुखीपुर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध आते दिखे। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त संतोष यादव (उम्र 24 वर्ष, निवासी समस्तीपुर, थाना जहानागंज, आजमगढ़) के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो कर गिर पड़ा और पकड़ा गया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।इस पूरी कार्रवाई और सफल मुठभेड़ में अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्रनाथ दुबे, उप-निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, उप-निरीक्षक मनीष विश्वकर्मा, उप-निरीक्षक विश्राम गुप्ता, उप-निरीक्षक विश्वजीत पांडेय सहित पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
