

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ श्रावण मास में शिवभक्तों की भारी भीड़ और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस, आजमगढ़ ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक पड़ने वाले प्रत्येक सोमवारी और शिवरात्रि के अवसर पर शहर में भारी वाहनों, बसों और चार पहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा।जारी एडवाइजरी के अनुसार फैजाबाद, गोरखपुर, वाराणसी, शाहगंज, जौनपुर और प्रयागराज की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों तथा रोडवेज एवं प्राइवेट बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इन वाहनों को भंवरनाथ बाईपास, रानी की सराय, सेमरा अंडरपास, हाफिजपुर चौराहा, बैठौली तिराहा, सिधारी हाइड्रिल चौराहा, नरौली तिराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा और बेलइसा होते हुए अपने गंतव्य तक जाना होगा।यातायात पुलिस ने बताया कि यह डायवर्जन व्यवस्था प्रत्येक रविवार रात्रि 10:00 बजे से सोमवार रात्रि 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि यात्रा से पहले निर्धारित रूट का पालन करें, यातायात पुलिस का सहयोग करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
