आजमगढ़ पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, बरदह पुलिस की 24 घंटे में कार्रवाई

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बरदह थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित (उकसाने) के आरोप में नामजद अभियुक्ता को मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी अनुज पाठक ने 31 जुलाई 2026 को बरदह थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पिता उपेन्द्र पाठक ने करीब नौ वर्ष पहले सुप्रिया पाठक से दूसरी शादी की थी। आरोप है कि सुप्रिया अपने पति के साथ लगातार दुर्व्यवहार और प्रताड़ना करती थी। तहरीर के अनुसार, 30 जुलाई को उपेन्द्र पाठक अपनी ससुराल सहनूडीह गए थे, जहां सुप्रिया पाठक और उसके परिजनों द्वारा कथित प्रताड़ना के बाद उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में बरदह थाने में मु0अ0सं0 260/26 के तहत धारा 108 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। शनिवार को उपनिरीक्षक मनीष सिंह ने पुलिस टीम के साथ ग्राम सहनूडीह में दबिश देकर अभियुक्ता सुप्रिया पाठक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अभियुक्ता को न्यायालय भेज दिया।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष सिंह, कांस्टेबल संदेश मौर्य, आरक्षी उत्सवपति त्रिपाठी एवं महिला आरक्षी ऋषिता गुप्ता शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *