

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह युवक का शव नहर के किनारे खेत के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शाहरुख खान उम्र 30 वर्ष पुत्र मुस्तफा, निवासी ग्राम पंचायत गौरी के रूप में हुई है। बताया गया कि शाहरुख बोलने में असमर्थ था और पाव रोटी बेचकर अपना जीवनयापन करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम शाहरुख घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के साथ डायल 112 और गंभीरपुर पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने भी उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।बुधवार सुबह तलाश के दौरान ग्रामीणों ने गौरी गांव में नट बस्ती के पास नहर किनारे खेत के समीप शाहरुख का शव पड़ा देखा। युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चक्का जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की पुलिस के समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ।एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र में नहर किनारे खेत के पास एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान शाहरुख पुत्र मुस्तफा, निवासी गौरी गांव के रूप में हुई है। उसका घर घटनास्थल से लगभग 300 मीटर की दूरी पर है।उन्होंने बताया कि परिजनों ने 27 अक्टूबर को थाने में शाहरुख की गुमशुदगी की सूचना दी थी। 28 अक्टूबर की सुबह उसका शव बरामद हुआ। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर में कुछ लोगों के नाम दर्ज कराते हुए उन पर संदेह जताया गया है। पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही है।फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने की सूचना नहीं है। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
