


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र में खेत से चोरी हुए किर्लोस्कर पम्पसेट के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गांव निवासी मजनू सरोज ने 6 मार्च 2026 को थाने पर सूचना दी थी कि 5 मार्च की रात अज्ञात व्यक्ति उनके खेत में लगा 5 हार्स पावर का किर्लोस्कर इंजन (पम्पसेट) चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना बरदह में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।शनिवार तड़के पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्रिवेणी मोड़ से दो आरोपियों पवन पुत्र नरसू सरोज और किशन सरोज पुत्र राजाराम, निवासी ग्राम भीरा थाना बरदह को सुबह करीब 4:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पवन के पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 5 मार्च को खेत से पम्पसेट चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया किर्लोस्कर पम्पिंग सेट भी बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई, जबकि आरोपी पवन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रितेश खरवार, उपनिरीक्षक अम्बुज कुमार राही, हेड कांस्टेबल संदीप सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश विश्वकर्मा और कांस्टेबल सतिभान सिंह शामिल रहे।
