


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार, 4 मार्च 2026 को ग्राम सैखोना निवासी गुलशन पत्नी सालिम ने अतरौलिया थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि पारिवारिक विवाद को लेकर उनके पट्टीदार फिरोज, अब्दुल रहीम, मकतुला, अंजुम और हिना ने एक राय होकर उनके साथ, उनकी सास नूरजहां तथा पति सालिम के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा और धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना अतरौलिया में मुकदमा संख्या 0082/2026 धारा 115(2), 352, 351(3), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक जफर अयूब कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को उपनिरीक्षक जफर अयूब पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बसहिया के पास से अभियुक्त फिरोज पुत्र मो.नवी निवासी ग्राम सैखोना थाना अतरौलिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त को उसके अपराध से अवगत कराते हुए विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए हिरासत में लिया। बाद में अभियुक्त की निशानदेही पर ग्राम सैखोना में घटनास्थल के पास स्थित सरसों के खेत से घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद की गई।
