छह साल से फरार ₹50 हजार का इनामिया अपराधी गिरफ्तार, फ्लिपकार्ट कार्यालय लूटकांड में था वांछित

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामिया अन्तर्जनपदीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू पथरकट पुत्र रामरतन उर्फ रामजतन, निवासी खाजो लोहहरिया, थाना धनघटा, जनपद संतकबीरनगर, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। वह वर्ष 2020 में करतालपुर स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में हुई लाखों रुपये की लूट के मामले में वांछित चल रहा था।पुलिस के मुताबिक, 5 फरवरी 2020 को चार हथियारबंद बदमाशों ने फ्लिपकार्ट कार्यालय में कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर भयभीत किया था और कैशियर से करीब ₹6,31,702 नकद, CCTV का NVR तथा इंटरनेट राउटर लूट लिया था। इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 4 अगस्त 2026 को SSP आजमगढ़ ने ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था, जिसे 8 अगस्त को DIG आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा बढ़ाकर ₹50 हजार कर दिया गया। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को प्राइवेट बस अड्डा स्थित बंधा रोड से करीब 2:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ वर्ष 2020 में फ्लिपकार्ट कार्यालय में लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, उसने लूट से मिले धन से अवैध तमंचा और कारतूस खरीदने की बात भी बताई। पुलिस से बचने के लिए वह नेपाल, चेन्नई और बेंगलुरु समेत विभिन्न स्थानों पर छिपकर रहा।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचना, फरारी और शस्त्र अधिनियम समेत कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। बरामद अवैध हथियार के संबंध में थाना कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह, कांस्टेबल नित्यानन्द यादव, सुमित शर्मा, बसंत कुमार, हेड कांस्टेबल उमेश यादव तथा सर्विलांस सेल के इन्द्रेश कुमार और दिनेश सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *