अतरौलिया में बोले कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, विपक्ष पर साधा निशाना; विकास, पंचायत चुनाव और नीट विवाद पर रखी सरकार की बात

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल दिखावे की राजनीति कर रहा है, जबकि प्रदेश सरकार जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के सभी फैसले संविधान और कानून के दायरे में रहकर जनता के हित में लिए जा रहे हैं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम एक पेड़ लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा। नीट परीक्षा विवाद पर विपक्ष द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव कराने के पक्ष में है और पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन कर अपना पक्ष न्यायालय में मजबूती से रखेगी। वहीं आजमगढ़ के लालगंज को बनारस रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलनों को उन्होंने “चुनावी स्टंट” बताया और विपक्षी नेताओं को रेल मंत्री से मिलकर परियोजना की स्वीकृति दिलाने की सलाह दी। क्षेत्रीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि अहरौला-कप्तानगंज तथा सिकंदरपुर-नरियांव मार्ग के निर्माण के लिए लगभग 54 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विकास कार्यों में बाधा डालने का काम कर रहा है। गाजीपुर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड और उसके बाद हुए विवाद पर बोलते हुए उन्होंने सपा नेतृत्व पर निशाना साधा और कहा कि पुलिस जांच के आधार पर कार्रवाई करती है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं राहुल गाँधी की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीति छोड़कर ज्योतिष का काम शुरू कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास और सुशासन है तथा सरकार जनता के हित में लगातार निर्णय ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *