

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली रिजर्व पुलिस लाइन से निकलकर कलेक्ट्रेट चौराहा, अग्रसेन चौराहा, विशाल मेगा मार्ट और घंटाघर सहित नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर एएसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव ने जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सुरक्षित ओवरटेकिंग करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। साथ ही दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी।कार्यक्रम में एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव, क्षेत्राधिकारी यातायात किरण पाल सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकान्त ओझा, प्रभारी निरीक्षक यातायात संजय कुमार पाल, यातायात एवं जनपदीय पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।गौरतलब है कि यातायात माह 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
