
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़, 27 जनवरी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ के विकास खंड परिसर मोहम्मदपुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 10 विकास खंडों के कुल 133 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 118 जोड़े विवाह के लिए उपस्थित रहे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा० जिलाध्यक्ष लालगंज श्री विनोद राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से अब किसी भी निर्धन परिवार की पुत्री का विवाह धन के अभाव में रुकता नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार इस योजना के तहत प्रति विवाह कुल ₹1,00,000 खर्च करती है, जिसमें ₹60,000 विवाह उपरांत कन्या के खाते में जमा किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त लगभग ₹25,000 की लागत से 26 आवश्यक गृहस्थी के सामान प्रदान किए जाते हैं, जिनमें साड़ी सेट, प्रेशर कुकर, स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस, गद्दे, बेडशीट, 40 ग्राम चांदी की पायल, 10 ग्राम बिछिया आदि शामिल हैं, जबकि ₹15,000 आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख मोहम्मदपुर विजय कुमार विश्वकर्मा, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के सदस्य तीजा राम तथा अनुसूचित जाति मोर्चा गोरखपुर परिक्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चन्दू सरोज उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चचौधरी, खंड विकास अधिकारी मोहम्मदपुर मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित सुनील राय, चंद्रजीत मौर्य, सुधांशु मिश्र एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
