छठे बड़े मंगलवार पर ‘गरीब अधिकार मंच’ की अनूठी पहल: बंदरों के लिए लगा भव्य भंडारा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित शिव मंदिर परिसर में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। यहाँ ‘गरीब अधिकार मंच’ के बैनर तले बजरंगबली के प्रतीक बेजुबान बंदरों के लिए एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। डी.एन. सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने जीव-सेवा की एक मिसाल पेश की।भंडारे का विशेष आकर्षण जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह की उपस्थिति रही। उन्होंने अपने जन्मदिवस के अवसर पर इस नेक कार्य में सहभागिता की। सुबोध कुमार सिंह ने स्वयं अपने हाथों से बंदरों को चना, केला और आम परोसकर भंडारे का विधिवत शुभारंभ किया।उन्होंने कहा कि बेजुबान प्राणियों की सेवा ही वास्तविक मानवता है। संगठन द्वारा बंदरों के लिए इस तरह का आयोजन करना अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है।शुभारंभ के पश्चात संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-एक कर बंदरों को भोजन कराया। भीषण गर्मी को देखते हुए बंदरों के लिए भोजन के साथ-साथ बाल्टियों में साफ पीने के पानी की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। दोपहर की चिलचिलाती धूप में शुरू हुआ यह भंडारा शाम तक अनवरत चलता रहा। कलेक्ट्रेट आने-जाने वाले लोग भी बंदरों के प्रति इस सेवा भाव को देखकर अभिभूत नजर आए। सभी ने ‘गरीब अधिकार मंच’ के इस मानवीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की और भविष्य में भी ऐसे कार्यों को जारी रखने का प्रोत्साहन दिया।इस दौरान आलोक सिंह, विजय प्रताप सिंह, रेनू देवी, इंजीनियर सुनील कुमार यादव, हरिओम सिंह, अमित कुमार यादव, राकेश पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *