आजमगढ़ ज्वैलरी शॉप में ग्राहक बनकर पहुंचीं महिलाएं, आभूषण बदलकर चोरी करने वाली दो शातिर गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के रानी की सराय थाना क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान से आभूषण चोरी करने वाली दो महिलाओं को पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दोनों महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचीं और सोना-चांदी देखने के बहाने आभूषण बदलकर चोरी कर ले गईं।पीड़ित दुकानदार मनीष वर्मा निवासी चकसेठवल ने थाना रानी की सराय में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात महिलाओं ने उनकी दुकान से एक जोड़ी चांदी की पायल, सोने के बुद/कील तथा मोती की माला में लगा सोने का लॉकेट चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कोटिला कट क्षेत्र से किरण देवी निवासी कैथोली, थाना जीयनपुर और अनारकली निवासी छपरा सुल्तानपुर, थाना जीयनपुर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से 116 ग्राम चांदी की पायल, 10 ग्राम के करीब पीली धातु के आभूषण, मोती की माला में लगा लॉकेट तथा ₹1060 नकद बरामद हुए हैं।पूछताछ में दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न ज्वैलरी दुकानों पर ग्राहक बनकर जाती थीं और मौका मिलते ही छोटे आभूषण चोरी कर लेती थीं। चोरी के सामान को बेचकर परिवार का खर्च चलाने की बात भी उन्होंने कबूल की।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी किरण देवी के खिलाफ पहले से आजमगढ़ और गाजीपुर में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *