

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में गुरुवार को मण्डलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के सभी जिलों की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, लंबित मामलों के निस्तारण तथा आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए। महिला अपराध, साइबर अपराध और संगठित अपराधों पर विशेष अभियान चलाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम रखा जाए। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सोशल मीडिया पर नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
