

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, चांदी की माला, चांदी का सिक्का, नाक की कील, चार साड़ियां, ₹6,100 नकद और .315 बोर का अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, नीबी बुजुर्ग गांव में 7 सितंबर को हुई चोरी के मामले में राजीव प्रजापति और शिवम गोड़ को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से चांदी की माला, चांदी का सिक्का और ₹5 हजार बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का सामान बेचकर मिले रुपये पार्टी में खर्च करने और टोटो की किस्त भरने की बात बताई।वहीं, पुरुषोत्तमपुर गांव में 10 सितंबर की रात हुई चोरी के मामले में जांच के दौरान कंधरापुर थाना क्षेत्र के खोजापुर माधोपट्टी निवासी अभिषेक यादव का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे बिजरवा सर्विस लेन से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की बजाज CT100 बाइक, नाक की कील, चार साड़ियां, ₹1,100 नकद और अवैध तमंचा-कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि वह अपने साथी अंकित के साथ दिन में रेकी और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसने मेल्हूगंज बाजार से बाइक चोरी और पुरुषोत्तमपुर में चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस अब उसके साथी अंकित की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।bपुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभिषेक यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ कंधरापुर, कोतवाली आजमगढ़ और निजामाबाद थानों में चोरी, शस्त्र अधिनियम, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।मुबारकपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
