

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया तहसील बूढ़नपुर के अंतर्गत ग्राम कौड़िया में चकमार्ग की पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा और लेखपाल के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। जहाँ लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद अभियुक्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार 10 जनवरी को तहसीलदार बूढ़नपुर के आदेश के क्रम में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ ग्राम कौड़िया में गाटा संख्या 366 व 345 (चकमार्ग) का सीमांकन करने पहुंची थी। दोपहर लगभग 2 बजे जब पैमाइश की कार्रवाई चल रही थी, तभी चकमार्ग से सटे चकदार व उनके परिजनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।लेखपाल सुमित कुमार द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राजाराम, शनि राजभर, जय सिंह, राम सिंह और शेर सिंह राणा ने सरकारी कार्य में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की। आरोप है कि अभियुक्तों ने पैमाइश में प्रयुक्त जरीब (जंजीर) फेंक दी और सरकारी नक्शा फाड़ दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने लेखपाल के साथ धक्का-मुक्की व अभद्रता की तथा उन्हें चौराहे पर “देख लेने” की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कप्तानगंज में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 324(2), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच उप-निरीक्षक प्रिंस मिश्रा को सौंपी गई है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
