

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज दो मामलों में वांछित अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई की गई है। थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 534/25 एवं 548/25, धारा 318(4) व 316(5) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त दीनदयाल उपाध्याय पुत्र अमरनाथ उपाध्याय, निवासी ग्राम मुस्तफाबाद, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए गए, लेकिन वह फरार रहा।पुलिस द्वारा अभियुक्त के आवास एवं संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी गई, बावजूद इसके न तो उसकी गिरफ्तारी हो सकी और न ही उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के आदेश दिनांक 16 जनवरी 2026 के अनुपालन में अभियुक्त के खिलाफ धारा 84 बीएनएसएस के अंतर्गत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई।नियमानुसार अभियुक्त के घर के मुख्य द्वार पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किया गया तथा डुगडुगी बजवाकर कार्रवाई की गई, साथ ही मौके पर मौजूद गवाहों के हस्ताक्षर भी कराए गए।पुलिस के अनुसार अभियुक्त इंडसइंड बैंक का कर्मचारी रह चुका है और उस पर आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एफडी कराने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये की धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर कर गबन किया।पुलिस प्रशासन का कहना है कि आर्थिक अपराधों में संलिप्त फरार अभियुक्तों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
