आजमगढ़ के हरिहरपुर में पी.डी.ए. परिवार का मकान ध्वस्त, सांसद धर्मेंद्र यादव ने जताया विरोध, सपा करेगी संघर्ष

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जनपद के हरिहरपुर स्थित संगीत महाविद्यालय क्षेत्र में पी.डी.ए. परिवार से जुड़े रामजतन गोंड़ और रामनयन गोंड़ का बना-बनाया मकान बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही आजमगढ़ लोकसभा सांसद धर्मेंद्र यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पी.डी.ए. समाज के लोगों के साथ लगातार दमन, उत्पीड़न और अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी भी अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केवल पी.डी.ए. परिवार से होने के कारण मनमाने ढंग से बुलडोजर चलाया गया, जिसकी वह कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को तानाशाही बताते हुए आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, किसानों, छात्रों, नौजवानों और बेरोजगारों पर लगातार अत्याचार हो रहा है तथा प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में साधु-संतों और धार्मिक स्थलों तक पर अत्याचार हो रहा है, जबकि शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर लूट मची हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव पर लगे आरोपों को लेकर सांसद ने कहा कि चूंकि वह समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं, इसलिए उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी होना ही गुनाह बना दिया गया है और इस मामले में पार्टी कानूनी लड़ाई लड़ेगी तथा जनता के बीच जाएगी। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने भी भाजपा सरकार पर पी.डी.ए. समाज के दमन का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में संविधान और लोकतंत्र दोनों खतरे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *