आजमगढ़: उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारियों का DM-SSP ने लिया जायजा, केंद्रों पर CCTV व बायोमेट्रिक व्यवस्था की जांच

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, निर्विघ्न और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ शनिवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और डीएवी पीजी कॉलेज, आजमगढ़ में पहुंचकर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की जांच की। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया गया तथा परीक्षार्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी भी ली गई। डीएवी पीजी कॉलेज में निरीक्षण के दौरान 11 बायोमेट्रिक मशीनों में से 3 मशीनें खराब पाई गईं, जिस पर अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही सभी कक्षाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जो सक्रिय पाए गए। इसके बाद जिलाधिकारी और एसएसपी ने परीक्षा कक्षों का भी निरीक्षण किया।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सभी कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी लगातार उनकी निगरानी करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं। साथ ही सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को अपने-अपने केंद्रों पर लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कक्ष निरीक्षकों को भी सख्त हिदायत दी कि परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *