

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना रौनापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने युवती के अश्लील फोटो एवं वीडियो वायरल करने के मामले में वांछित 34 वर्षीय आरोपी को महाराष्ट्र के पालघर से गिरफ्तार किया है। साइबर सेल की तकनीकी टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।पुलिस के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र की एक 23 वर्षीय युवती के संबंध में उसके पिता ने तहरीर दी थी। आरोप है कि आरोपी प्रमोद गोंड ने युवती से दोस्ती कर शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवती पर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर दिए। मामले में 13 जुलाई 2026 को थाना रौनापार में मुकदमा अपराध संख्या 195/2026 के तहत धारा 64(2)(ड), 108 बीएनएस एवं 67ए आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना निरीक्षक अपराध/विवेचक अशोक कुमार तिवारी द्वारा की जा रही थी।विवेचना के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर-जमानती वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद साइबर सेल आजमगढ़ की तकनीकी टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो बोइसर, पालघर महाराष्ट्र में मिली। लोकेशन के आधार पर रौनापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से महाराष्ट्र पहुंची और श्रीराम फेडरेशन कंपनी, बोइसर से आरोपी प्रमोद गोंड पुत्र जगरनाथ गोंड, निवासी हैदराबाद, थाना रौनापार, आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे पालघर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर पुलिस उसे आजमगढ़ लेकर आई। 16 अगस्त को आरोपी को थाना रौनापार में दाखिल कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों एवं साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी में साइबर सेल की तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
