

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तहसील लालगंज में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने उपस्थित होकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।राजस्व विभाग से संबंधित प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को तत्काल मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए प्रभावी समाधान किया जाए।जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण जिला प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता है। समाधान दिवस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
