


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पुलिस लाइन परिसर में गुरुवार को होली का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और जमकर होली का आनंद लिया। कार्यक्रम में डीआईजी, एसपी, एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण, सीओ समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों और होली गीतों की धुन पर पुलिस अधिकारी व जवान झूमते नजर आए और कई अधिकारियों ने ठुमके भी लगाए। होली के इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने पारंपरिक अंदाज में कपड़ा फाड़ होली भी खेली और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। पूरे पुलिस लाइन परिसर में होली की मस्ती और रंगों की धूम देखने को मिली।
