


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।जानकारी के अनुसार, 4 मार्च की शाम करीब 3 बजे वादी अपने मित्र के साथ घर के सामने खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और एक आरोपी ने गनर की लाइसेंसी बंदूक लेकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग जुटने लगे तो सभी आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।घटना के संबंध में कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 87/2026 धारा 109(1), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस व 3/27/30 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अजय कुमार राव (40) निवासी हीरापट्टी को ब्रह्मस्थान से हीरापट्टी जाने वाले मार्ग पर डीह बाबा स्थान के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद अन्य चार आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी राइफल बरामद कर सभी आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
