


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के अहिरौला- थाना क्षेत्र के फुलवरिया–पारा गांव में गुरुवार सुबह एक 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पारा गांव निवासी सुरेश गौड़ की पुत्री सरिता (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बीए की छात्रा बताई जा रही है।परिजनों के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 3 बजे कुछ अज्ञात लोग सरिता को अचेत अवस्था में घर के दरवाजे के पास छोड़कर चले गए। जब परिवार के लोगों की नजर पड़ी तो वह बेहोश हालत में थी। परिजन उसे घर के बरामदे में रखे तख्त पर लिटाकर हाथ-पैर मलकर होश में लाने का प्रयास करने लगे, लेकिन थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुबह होते ही घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई और मृतका के घर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक युवक पर उनकी बेटी की हत्या का संदेह है। परिजनों के अनुसार पहले दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, जिसको लेकर कुछ समय पहले मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। बताया जा रहा है कि उस मुकदमे में जल्द ही फैसला आने वाला था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उसकी हत्या कर दी गई।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
