

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। राजकीय श्री दुर्गा जी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंडेश्वर के बीएचएमएस प्रशिक्षुओं ने मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की है। प्रशिक्षुओं ने सोमवार को मुख्यमंत्री समेत शासन के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर बढ़ती महंगाई को देखते हुए मानदेय के पुनरीक्षण की मांग उठाई।प्रशिक्षुओं का कहना है कि चिकित्सा प्रशिक्षण के दौरान उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्य करने पड़ते हैं। वहीं आवास, भोजन और दैनिक जरूरतों के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में वर्तमान मानदेय में आवश्यक खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल हो रहा है।छात्रों ने अपने पत्र में दिल्ली समेत अन्य राज्यों में चिकित्सा प्रशिक्षुओं को दिए जा रहे मानदेय का उल्लेख करते हुए कहा कि समान प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को कई राज्यों में अधिक मानदेय मिल रहा है। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश में भी बीएचएमएस प्रशिक्षुओं के मानदेय का पुनरीक्षण कर उन्हें अन्य राज्यों के समकक्ष सम्मानजनक राशि दी जानी चाहिए।प्रशिक्षुओं ने अपनी मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र भेजा है। इसके अलावा प्रमुख सचिव, निदेशक, राज्यपाल और महानिदेशक समेत संबंधित अधिकारियों को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।ज्ञापन सौंपने वालों में निर्भयानंद यादव, हेमंत सिंह, पंकज चौहान, जय त्रिपाठी, शिवम शुक्ला, आशीष चौबे और विक्रम सिंह शामिल रहे। प्रशिक्षुओं ने उम्मीद जताई कि शासन उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
