


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। हालांकि अभी जनपद में हीट वेव घोषित नहीं की गई है, लेकिन तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने से प्रशासन ने एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि फिलहाल जनपद में हीट वेव की स्थिति नहीं है, क्योंकि तापमान लगातार निर्धारित सीमा से ऊपर नहीं बना है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः 40 डिग्री से ऊपर लगातार तापमान रहने या सामान्य से 4 से 6 डिग्री ज्यादा होने पर ही हीट वेव मानी जाती है, जबकि 45 डिग्री से ऊपर गंभीर हीट वेव की स्थिति होती है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट कर दिया है। आवश्यक दवाओं, ओआरएस, पीने के पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हीट वेव से जुड़े मामलों की लगातार निगरानी और समय पर रिपोर्टिंग के भी आदेश दिए गए हैं। “अभी हीट वेव घोषित नहीं है, लेकिन संभावित स्थिति को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।” सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि दोपहर में बेवजह बाहर न निकलें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और बच्चों, बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। अगर लू के लक्षण जैसे चक्कर, बुखार या उल्टी दिखे तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
