

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव एवं निदेशिका श्रीमती कंचन यादव ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुकांशा अवस्थी ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और देशसेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। वहीं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से ‘दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने छात्र-छात्राओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने तथा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सहिष्णुता बनाए रखने का आह्वान किया।अंत में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
